- एफपीओ बनाकर खरीदारों तक अनाज और सब्जियां बेच रहे किसान
राजेश भाटी
ग्रेटर नोएडा। ट्रेड शो में ऑर्गेनिक तेल, दाल और मोरिंगा पाउडर जैसे उत्पादों की भारी मांग देखने को मिली। जिसका फायदा प्रदेश के किसानों को भी हुआ है।दादरी ब्लॉक के रूपवास गांव निवासी किसान संजीव कुमार ने अपने ‘सर्वोदय’ समूह के लिए बड़े ऑर्डर हासिल किए हैं। ट्रेड शो के दौरान 13 बड़े ऑर्डरों के लिए एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिससे उनके समूह का कारोबार आगामी वर्ष में दोगुना होने की उम्मीद है।
संजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन के तहत एक एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) गठित किया है। समूह में करीब 350 किसान शामिल हैं। एफपीओ के अंतर्गत किसान सब्जी, धान, गेहूं, गन्ना, दलहन और तिलहन जैसी फसलें उगाते हैं। पहले किसान अपने उत्पाद व्यापारियों के माध्यम से मंडियों में बेचते थे, जिससे उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता था। एफपीओ बनने के बाद अब ये किसान सीधे उपभोक्ताओं तक अपने उत्पाद पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समूह अब किसानों से सब्जियां एकत्र कर विभिन्न सोसाइटियों में सीधे सप्लाई करता है। इससे किसानों को अतिरिक्त लाभ मिलता है। वहीं उपभोक्ताओं को घर बैठे शुद्ध ऑर्गेनिक सब्जियां और अनाज प्राप्त होते हैं। उनसे जुड़े किसानों के उत्पादों को बाजार से बेहतर दाम मिल रहे हैं। संजीव ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित ट्रेड शो में निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराया। इस स्टॉल के माध्यम से उन्हें अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने और संभावित खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिला। ट्रेड शो में देश-विदेश से आए कई खरीदारों ने उनके उत्पादों में रुचि दिखाई और बड़ी मात्रा में ऑर्डर दिए। उन्हें मोरिंगा पाउडर, तेल, दाल सहित कई उत्पादों के लिए बड़े ऑर्डर मिले हैं। इस व्यापार मेले में भाग लेने से उनके समूह का कारोबार इस वर्ष दोगुना हो सकता है।