फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: कुआनो जंगल में किसान की हत्या, पुत्र गंभीर

Sun, 14 Sep 2025 12:20 AM IST
नोएडा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नोएडा
विज्ञापन
गंगासागर विश्वकर्मा की फाइल फोटो।
विज्ञापन
रुपईडीह/खरगूपुर/झंझरी। खरगूपुर के कुआनो जंगल में शनिवार सुबह लकड़ी काटने गए शिवगढ़ चौराहा निवासी किसान गंगासागर विश्वकर्मा (70) की नकाबपोश हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। उनके बेटे अनोखीलाल (45) को भी घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम करके हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
विज्ञापन


शिवगढ़ निवासी अनोखीलाल विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी चौराहे पर चाय की दुकान है। उनके पिता गंगासागर लोहार का काम करते थे। शनिवार सुबह 09:30 बजे वह पिता के साथ अपने खेत के पास कुआनो जंगल में सूखी लकड़ी काटने गए थे। पिता लकड़ी काट रहे थे और वह लकड़ी इकट्ठा कर रहे थे। इसी बीच नकाबपोश हमलावरों ने तलवार व बांके से हमला कर दिया। कहा कि तुम लोग रात-रात जागते हो और शोर मचाते हो, जो भी ऐसा करेगा उसका यही अंजाम होगा। हमलावरों ने गंगासागर की गला काटकर हत्या कर दी। अनोखीलाल के मुताबिक वह पिता को बचाने के लिए दौड़े तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। उनके माथे, हाथ और पैर में धारदार हथियार से वार के जख्म हैं। अनोखीलाल ने बताया कि किसी तरह जान बचाकर वह पास की झाड़ियों में कूद गए।कुछ दूर भागकर छोटे भाई अलखराम को फोन कर जानकारी दी। करीब 15 मिनट में भाई आसपास के लोगों के साथ मौके पर पहुंचा, तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने अनोखीलाल को बेहोशी की हालत में खरगूपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
एसपी विनीत जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसओजी व सर्विलांस समेत पांच टीमें गठित की गईं हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन


पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित अनोखीलाल ने बताया कि तीन दिन पहले गांव की एक युवती को दरवाजे से कुछ बदमाश गन्ना के खेत में खींच ले गए थे। उसके गहने लूट लिए थे। पुलिस को सूचना दी गई। मगर पुलिस लापरवाह बनी रही। मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पीड़ित परिजनों से ही बदमाशों के साक्ष्य मांगती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों से लोग परेशान हैं। रात-रातभर लोगों को जागना पड़ रहा है। मगर पुलिस ध्यान नहीं दे रही है।
इस वजह से भी लोगों में नाराजगी
वारदात की सूचना पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। खरगूपुर, इटियाथोक, धानेपुर व महिला थाने समेत आसपास की पुलिस पहुंच गई। पुलिस टीम गंगासागर का शव खरगूपुर थाने ले गई। इससे नाराज लोगों ने सड़क जाम करके हंगामा शुरू कर दिया। खरगूपुर पुलिस ने पहले जंगली जानवर के हमले की बात कही थी, इससे भी लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम राय, एएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार रावत, सीओ सिटी आनंद कुमार राय आदि अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद चौराहे पर यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी। स्थनीय नागरिक राजेश गिरी, अखिलेश कौशल, राधिका प्रसाद आदि लोगों का कहना है कि संवेदनशील इलाका होने के बावजूद दो माह से पुलिसकर्मी गश्त तक नहीं कर रहे हैं। मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी व कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गंगासागर के परिवार में पत्नी राजपता, बेटे अनोखीलाल, अलखराम व शिवशंकर हैं। हत्या से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक गंगासागर खेती-किसानी के साथ ही लोहार का काम कर परिवार का गुजारा करते थे।
किसी से भी रंजिश से परिजनों का इन्कार

अनोखीलाल का कहना है कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। हमलावर अपना चेहरा गमछे से ढंके थे, इस वजह से वह उन्हें पहचान नहीं सके। महिलाओं का कहना है कि बदमाशों के आतंक से बाहर निकलना दूभर हो गया है। महिलाएं व बच्चे दहशत में हैं। सीओ सिटी आनंद कुमार राय ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। अफवाहों का दौर चल रहा है। ऐसे में लगातार लोगों को जागरूक करने की कोशिश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें