ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सफलता उम्र की मोहताज नहीं होती, इस कहावत को सच कर दिखाया है गौतमबुद्ध नगर के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी फरीद उस्मानी ने। उन्होंने 40 से अधिक आयु कैटेगरी में नैनीताल में आयोजित आईटीएफ मास्टर्स टेनिस प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्राॅफी पर कब्जा किया।
अंतरराष्ट्रीय टेनिस फेडरेशन की ओर से उत्तराखंड के नैनीताल स्थित चूनाखान के ऑप्टिमम टेनिस अकादमी में चार से नौ अक्टूबर तक आईटीएफ मास्टर्स टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 व 2 स्थित सिल्वर सिटी सोसाइटी निवासी फरीद उस्मानी ने फाइनल सिंगल्स इवेंट मैच में नैनीताल के आदित्य चौबे को 6-2, 6-0 से पराजित किया। वह ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रींस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्पोर्ट्स एचओडी के पद पर कार्यरत हैं।