38 दिन में गड्ढा भरना दूर, मरम्मत की योजना भी नहीं बनी
सेक्टर-61 से 18 की ओर जाने वाले एलिवेटेड रोड की लेन बंद होने से आधा शहर में लग रहा जाम
सेक्टर-33 के सामने एलिवेटेड रोड में 20 अक्तूबर को हुआ था गड्ढा, एक महीने प्राधिकरण ने जांच में गुजारे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-27 से 60 तक बने 4.8 किलोमीटर के नोएडा एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-33 के सामने गड्ढा होने के 38 दिन बीत गए हैं। इस दौरान मरम्मत तो दूर नोएडा प्राधिकरण योजना नहीं बना पाया है। 20 अक्तूबर को गड्ढा होने के कारण अगले दिन से सेक्टर-61 से 18 की ओर वाहनों का आवागमन बंद है। इस वजह से सभी वाहन एलिवेटेड रोड के नीचे की सड़क से निकल रहे हैं। इसके चलते यहां पर सुबह-शाम लंबा जाम लग रहा है। इस जाम में फंसकर गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ ही सेक्टर-61, 52, 53, 34,23, गिझोड़ गांव के निवासी परेशान हो रहे हैं। यहां के निवासी घर से निकलते ही या कहीं से वापस घर पहुंचने में नीचे लग रहे जाम में फंस रहे हैं। वहीं इस दबाव से मास्टर प्लान रोड-3 पर होशियारपुर से महामाया फ्लाईओवर तक व्यस्त समय में वाहन रेंग रहे हैं।
एलिवेटेड रोड में सड़क (बिटुमेन) के नीचे कंक्रीट की सतह में पहले यह गड्ढा 18 अक्तूबर को हुआ था। प्राधिकरण ने फौरी तौर पर बिटुमेन भरवाकर वाहनों का आवागमन जारी रखा था। बिटुमेन और कंक्रीट नहीं टिका और फिर दो दिन बाद फिर गड्ढे ने आकार ले लिया था। इसके बाद से प्राधिकरण ने आईआईटी रुड़की से जांच करवाने की बात कही थी। प्राधिकरण की तरफ से यह कहा गया था कि 5 से 7 दिनों में जांच रिपोर्ट आ जाएगी और मरम्मत की जाएगी। आईआईटी से कई परीक्षण भी करवाए गए। फिर एक महीने बाद आईआईटी ने रिपोर्ट दी। प्राधिकरण अधिकारी अब तक आधिकारिक रूप से रिपोर्ट मिलने की बात स्वीकार नहीं रहे हैं। 4.8 किलोमीटर का यह एलिवेटेड रोड करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इसका निर्माण 15 अक्तूबर 2014 को शुरू और 2017-018 में ट्रैफिक के लिए खोला गया था।
कितने दिन बंद रहेगी एलिवेटेड रोड की लेन अभी तय नहीं
सेक्टर-61 से 18 की ओर वाहनों का आवागमन नोएडा एलिवेटेड रोड पर कब खुलेगा यह तस्वीर अभी साफ नहीं है। इसका कारण नोएडा प्राधिकरण की तरफ से मरम्मत कार्य में सुस्ती दिखाना है। प्राधिकरण की तैयारी के हिसाब से अगले हफ्ते मरम्मत की योजना आईआईटी या किसी अन्य एजेंसी से मिलेगी। आईआईटी ने अपनी रिपोर्ट में बड़े हिस्से में बदलाव की सिफारिश की हुई है। ऐसे में यह लेन महीने-दो महीने कितने दिन बंद रहेगी अभी तय नहीं है। न ही प्राधिकरण के इंजीनियर व अधिकारी इस लेन को जल्द खोलने का कोई दावा कर रहे हैं।
कोट-
एलिवेटेड रोड के ऊपर से वाहनों का आवागमन रुकने का असर नीचे की सड़क के साथ आस-पास की कई सड़कों पर है। प्राधिकरण की तरफ से कुछ दिन पहले 15 दिन का समय यह लेन खोलने के लिए लिया गया था। अब फिर से जानकारी ली जाएगी। -सैय्यद अली अब्बास, डीसीपी, ट्रैफिक
एलिवेटेड रोड की मरम्मत के लिए जल्द कार्य-योजना आईआईटी या किसी एक्सपर्ट एजेंसी से तैयार करवाई जाएगी। इसके बाद मौके पर काम करवाया जाएगा। -एस पी सिंह, जीएम, नोएडा प्राधिकरण