ढाई लाख रुपये बकाया होने की बात कहकर शव रोकने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित शारदा केयर हेल्थसिटी में इलाज के दौरान मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर शव नहीं सौंपने का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें परिजन अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में परिजनों का आरोप है कि मरीज सस्ते इलाज की उम्मीद में शारदा अस्पताल आया था, लेकिन उसे शारदा केयर हेल्थसिटी में भर्ती कर दिया गया। परिजनों का दावा है कि इलाज के नाम पर करीब ढाई लाख रुपये की राशि बकाया बताई जा रही है और इसी वजह से मरीज का शव उन्हें नहीं सौंपा गया है। परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना देते हुए शासन और प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से शव देने में देरी की जा रही है। वीडियो में परिजनों की ओर से इलाज के दौरान मरीज को अधिक एसी में रखने और पर्याप्त गर्म कपड़े अथवा कंबल नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अस्पताल में बच्चा बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए भर्ती हुआ था। उपचार के दौरान बच्चे का प्लेटलेट काउंट कम था। इसी दौरान बच्चे को अचानक सीजर आया, जिसके बाद उसे कार्डियक अरेस्ट हुआ। मेडिकल टीम ने बच्चे को बचाने के लिए हर संभव चिकित्सकीय प्रयास किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद च्चे की जान नहीं बचाई जा सकी।