ईकोटेक-3 में कामगारों के प्रदर्शन के दौरान लगी थी गोली
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 स्थित मिंडा आरएमएक्स फैक्टरी के बाहर कामगारों के प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से घायल महिला के परिजन संदिग्ध हालात में लापता हो गए। सोमवार को तुस्याना गांव के एक होटल में ठहरे परिजन को कुछ अज्ञात कार सवार अपने साथ ले गए। हालांकि, एसीपी राजीव कुमार ने ऐसे किसी घटनाक्रम से इन्कार किया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को प्रदर्शन के दौरान बिहार निवासी महिला कामगार रानी के पेट और कूल्हे में दो गोलियां लगीं थीं। उसे तत्काल एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद से ही महिला के परिजन सामने नहीं आए थे और न ही उन्होंने पुलिस से संपर्क किया था। सोमवार को जानकारी मिली कि कुछ अज्ञात कार सवार उन्हें अपने साथ ले गए।