17 नामजद समेत 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान पर कब्जा दिलाने पहुंची पुलिस टीम के सामने विरोध कर रहे परिवार के लोगों ने आत्मदाह की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को 17 नामजद समेत 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मंगलवार को सात नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार शुक्ल पुलिस बल, अन्य थानों की फोर्स और पीएसी के साथ कोर्ट के आदेश पर भीम की मढ़ैया पहुंचे थे। न्यायालय के आदेश के अनुसार, विवादित निर्माणाधीन भवन पर सुखवीर पक्ष को शांतिपूर्ण कब्जा दिलाना था। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर वहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग एकत्र थे। पुलिस ने लोगों को न्यायालय का आदेश पढ़कर सुनाया और समझाने का प्रयास किया गया लेकिन लोग उग्र हो गए और सरकारी कार्य में बाधा डालने लगे। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी तो स्थिति बिगड़ती चली गई।
इस दौरान बलराज भाटी के परिवार के सदस्य और रिश्तेदार प्रताप, सुनील, हरीश, अंकित, मोहित, मनीष, राजवती, महेन्द्री, छोटी देवी, शिमला, कविता, बबली, कमलेश, रेखा, जय भाटी, सतीश और रितिक समेत अन्य लोग उत्तेजित हो गए। आरोप है कि इन लोगों ने अपने हाथों में प्लास्टिक की बोतलों में ज्वलनशील पदार्थ भर लिया और कुछ महिलाओं समेत कई लोगों ने अपने ऊपर पेट्रोल जैसी सामग्री डाल ली। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पूरे परिवार ने मौके पर ही आत्मदाह की धमकी दे डाली। लोगों का कहना था कि यदि पुलिस ने जबरन कब्जा दिलाया तो वे यहीं आग लगाकर अपनी जान दे देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि मौके पर आत्मदाह नहीं करने दिया गया तो वे कासना कोतवाली या पुलिस कार्यालय पहुंचकर सामूहिक आत्मदाह करेंगे। साथ ही, सुखवीर और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को काबू में लिया और आत्मदाह की कोशिश को विफल कर दिया।
पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई गई
पुलिस ने मौके से चार प्लास्टिक की बोतलें बरामद कीं, जिनमें ज्वलनशील पदार्थ भरा हुआ था। इन्हें कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया। पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस ने इस मामले में बलराज भाटी और उसके परिवार सहित कुल 17 नामजद तथा 25-30 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 191(2) और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि प्रताप, सुनील, हरीश, अंकित, मोहित, मनीष, जय सहित सात लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।