मौर्या एंक्लेव थाना पुलिस ने दबोचा, वर्दी, चार फर्जी आईकार्ड, नकली पिस्टल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम जिला के मौर्या एंक्लेव थाना पुलिस ने बुधवार सुबह एक फर्जी सब इंस्पेक्टर को दबोचा है। पुलिसकर्मियों पर ही आरोपी रौब झाड़ रहा था। शक होने पर उससे पूछताछ हुई तो इधर-उधर की बातें करने लगा। थाने लाकर जब सख्ती बरती गई तो उसकी पोल खुल गई।
आरोपी की हुंडई एक्सटर कार से दिल्ली पुलिस के चार फर्जी पहचान पत्र, एसआई की वर्दी, नकली पिस्टल, पुलिस की फाइल, फर्जी समन, कोर्ट की फाइल व अन्य सामान बरामद हुआ। जांच के बाद रोहिणी सेक्टर-20 निवासी लखपत सिंह नेगी (36) को गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि मौर्या एंक्लेव थाने की टीम केपी-ब्लॉक, पीतमपुरा में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस बीच एक व्यक्ति को संदिग्ध हालात में कार में बैठे हुए देखा। टीम ने पूछताछ की तो आरोपी ने पहचान बताने से इंकार कर दिया। बाद में वह खुद को द्वारका साइबर थाने में एसआई बताने लगा। शक के आधार पर थाने लाने पर उसकी हकीकत का पता चल गया। आरोपी ने बताया कि रौब झाड़ने के लिए वह खुद को पुलिसकर्मी बताता था। उसने पुलिस की वर्दी, कैप और बाकी सामान ऑनलाइन मंगवाया था। फर्जी पहचान पत्र एक जानकार की मदद से तैयार करवाए थे। आरोपी दो साल से फर्जी एसआई बनकर घूम रहा था। पिता सुरेंद्र सिंह नेगी सेना से सेवानिवृत्त हैं। आरोपी स्नातक है और पहले अकाउंटेंट की नौकरी करता था। नौकरी से संतुष्ट न होने पर फर्जी एसआई बन गया।