गृह मंत्रालय के साइबर सेल में खुद को तैनात बताने वाले फर्जी आईपीएस को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके साथ फर्जी पीआरओ भी पकड़ा गया है। दोनों आईपीएस का रौब दिखाकर दिल्ली-एनसीआर के होटलों में रुककर मौज-मस्ती करते थे। खाने से लेकर मुफ्त में पेट्रोल भी डलवाते थे। गुरुवार रात को एक्सप्रेसवे पुलिस ने एक्सप्रेसवे स्थित एक होटल से दोनों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया। पूछताछ में पता चला कि उसे फर्जी आईपीएस बनने का आइडिया मनोहर कहानियां पढ़कर आया था।
एसपी सिटी सुधा सिंह ने बताया कि फर्जी आईपीएस की पहचान हाथरस निवासी आदित्य कुमार दीक्षित के रूप में हुई है। इसके फर्जी पीआरओ का नाम अखिलेश यादव है। अखिलेश इटावा का रहने वाला है। आदित्य पिछले साल से खुद को 2011 बैच का आईपीएस बताते हुए लोगों पर रौब झाड़ रहा था। वह अपने आप को गृह मंत्रालय दिल्ली में साइबर अपराध शाखा का हेड बताता था।
आदित्य ने अपने व्हाट्स ऐप पर भी पुलिस कैप के साथ फोटो लगवाकर प्रोफाइल लगाई है। इसके कई तस्वीरें चाइनीज लाइटर गन के साथ है। कई मंत्री व नेताओं के साथ खिंचवाई हुई फोटो को लोगों को दिखाकर भी रौब झाड़ता था। पुलिस के मुताबिक, अपने इलाके में कई लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर भी पैसे लिए हैं। इसके बारे में पुलिस पता लगवा रही है।
सीक्रेट मिशन पर बताकर नहीं दिखाता था आईकार्ड
पुलिस पूछताछ में पता चला कि फर्जी आईपीएस खुद को गृह विभाग के सीक्रेट मिशन पर बताता था। जब होटल के कर्मचारी उससे आईडी कार्ड मांगते थे तो सीक्रेट मिशन पर बताकर कार्ड दिखाने से मना करता था। आदित्य कुमार ने कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा किया है और पतंजलि में वह आईटी हेड भी रह चुका है।
ऐसे पकड़ा गया
पुलिस जांच में पता चला कि लगभग एक सप्ताह से नोएडा के अलग-अलग होटलों में रुका हुआ था। सोमवार से बुधवार तक वह सेक्टर-62 स्थित एक होटल में रुका था। वहां पर भी दोनों आरोपियों ने फर्जी आईपीएस व पीआरओ बताकर पहले एक कमरा बुक कराया और पैसे नहीं दिए। बृहस्पतिवार रात को एक्सप्रेसवे कोतवाली क्षेत्र में होटल में रुका हुआ था। मुफ्त में खाना खाने के बाद उसने गाड़ी में पेट्रोल डलवाने का दबाव बनाया तो होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद इसका खुलासा हुआ।
पहले भी पकड़े गए हैं फर्जी आईएएस व आईपीएस
नोएडा व ग्रेटर नोएडा में पहले भी फर्जी आईएएस व आईपीएस पकड़े गए हैं। कोतवाली सेक्टर-58 में पांच साल पहले एक फर्जी आईपीएस गिरफ्तार हुआ था। वह गलत वर्दी व टोपी के कारण पकड़ा गया था। कुछ महीने पहले ग्रेटर नोएडा में भी फर्जी आईएएस को गिरफ्तार किया गया है। हाल ही में गौतमबुद्धनगर के एसएसपी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में विदेश मंत्रालय (आईएफएस) का अधिकारी बताने वाली महिला पति समेत गिरफ्तार हुई थी।