ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित रेडिसन ब्लू होटल में सेल लगाकर ब्रांडेड के नाम पर नकली जूते-कपड़े बेचने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने 188 जूते, 84 शर्ट और 93 जींस बरामद की हैं। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों से यह पता लगा रही है कि वह नकली सामान कहां से ला रहे थे।
एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि एक कंपनी से अधिकृत अभिषेक कुमार, अमनप्रीत और सुमित ने सूचना दी थी कि होटल में स्पेस किराये पर लेकर कुछ लोग नकली कपड़े व जूते बेच रहे हैं। आरोपियों ने यहां सेल लगाई है और ग्राहकों को लुभाने के लिए प्रचार भी किया है। पुलिस ने मौके से आगरा के शाहगंज निवासी सरफराज और शोएब को गिरफ्तार किया। जबकि शकीर अहमद फरार हो गया। आरोपी ब्रांडेड के नाम से मोटा मुनाफा कमाकर नकली सामान बेच रहे थे। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।