-वजीराबाद के जगतपुर गांव में चल रही थी, दिल्ली-एनसीआर में होती थी सप्लाई
-पुलिस ने मालिक व तीन मजदूरों को दबोचा
-40 हजार खाली और भरे हुए टूथपेस्ट बरामद
-11 हजार से ज्यादा एसिडिटी पाउच भी मिले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी जिला पुलिस ने नामी कंपनी के नकली टूथपेस्ट और एसिडिटी पाउच बनाने वाली फैक्टरी का खुलासा किया है। आरोपी वजीराबाद इलाके के जगतपुर गांव में यह गोरखधंधा कर रहे थे। इनके यहां से 80 और 150 ग्राम के करीब 40 हजार टूथपेस्ट (खाली और भरे हुए) बरामद हुए हैं। इसके अलावा 11 हजार से अधिक एसिडिटी पाउच के अलावा भारी मात्रा में मशीनें और पैकिंग का सामान बरामद हुआ है। कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फैक्टरी मालिक नबील को गिरफ्तार करने के अलावा तीन मजदूरों को हिरासत में लिया है।
उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि मंगलवार शाम जिला के डीआईयू यूनिट को सूचना मिली थी कि वजीराबाद के जगतपुर गांव में नकली टूथपेस्ट और एसिडिटी पाउच बनाए जा रहे हैं। फौरन एक टीम का गठन कर गली नंबर-10सी, जगतपुर एक्सटेंशन में छापेमारी की गई। वहां से करीब 10 हजार 80 ग्राम की खाली ट्यूब, 150 ग्राम की 5250 खाली ट्यूब, 150 ग्राम की भरी हुई 12824 ट्यूब, 80 ग्राम की भरी हुई 12516 ट्यूब, 220 कारटन, 3 बड़ी मशीन, एसिडिटी के 11200 पाउच और भारी मात्रा में कच्चा माल बरामद हुआ। यहां काम करने वाले मजदूर मशीनों की मदद से इन टूथपेस्ट और एसिडिटी पाउच को बना रहे थे। पुलिस ने मौके से ही बल्लीमारान, चांदनी चौक निवासी नबील को दबोच लिया। छानबीन के दौरान पता चला है कि आरोपी पिछले काफी समय से इस गोरखधंधे में शामिल हैं। नबील के साथ कुछ और भी लोग जुड़े हैं। जांच के दौरान पता चला है कि माल दिल्ली एनसीआर में सप्लाई किया जा रहा था।