कूलिंग सिस्टम और आधुनिक रसोई उपकरण लगेंगे
-
4.28 लाख की लागत आएगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तर रेलवे के दिल्ली स्थित केंद्रीय अस्पताल में कूलिंग सिस्टम और आधुनिक रसोई उपकरण लगेंगे। इस परियोजना पर कुल 4.28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निविदा जारी कर दी गई है।
रेलवे के अनुसार, नई व्यवस्था से मरीजों को राहत मिलेगी। उनके लिए तैयार होने वाले भोजन की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। परियोजना के तहत अस्पताल में नए एसी, कूलिंग यूनिट और तापमान नियंत्रण सिस्टम को लगाया जाएगा। नई तकनीक वाले ये उपकरण ऊर्जा की बचत भी करेंगे। साथ ही, अस्पताल के रसोईघर को भी आधुनिक बनाने पर जोर दिया जा रहा है। मरीजों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए नए किचन उपकरण, डीप फ्रीजर और स्टोरेज यूनिट लगाए जाएंगे। इससे रसोई में खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने में भी आसानी होगी। रेलवे का कहना है कि नए किचन सेटअप से भोजन की गुणवत्ता में सुधार होगा और साफ-सफाई के मानक भी ठीक होंगे। कूलिंग और किचन व्यवस्था का इंस्टॉलेशन कार्य जल्द शुरू होगा और इसे आने वाले कुछ हफ्तों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।