सेक्टर-82 के पॉकेट-7 और 47 प्राधिकरण के अधिकारियों ने शुरू कराया काम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-47 और 82 के पॉकेट सात में ओपन जिम के खराब उपकरणों को सुधारने की कसरत शुरू हो गई। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने उपकरणों की जांच की और कवायद शुरू कर दी। सेक्टर-47 के आरडब्ल्यूए महासचिव संजय चौहान ने बताया कि कई दिनों से ओपन जिम खराब था। इस वजह से बुजुर्ग और बच्चे जिम के उपकरणों का उपयोग नहीं कर पा रहे थे।
उन्होंने कहा कि खराब उपकरण से कई लोग चोटिल हो चुके थे। उन्होंने पहले भी प्राधिकरण से कई बार शिकायत की थी लेकिन समाधान नहीं हुआ। अमर उजाला ने मंगलवार को इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया जिसके बाद अधिकारियों ने ओपन जिम का निरीक्षण किया।महासचिव के अनुसार, करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो गया है बाकी उपकरण आते ही हो जाएगा।
सेक्टर-82 में भी किया निरीक्षण
सेक्टर-82 के पॉकेट सात के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने बताया कि बुधवार को नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी व कर्मचारी ओपन जिम का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिम के खराब पड़े उपकरणों का निरीक्षण किया। कुछ में सुधार के प्रयास भी किए। सेक्टरवासियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ओपन जिम सुधारा जाएगा।