- मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में प्रदेश की 10 पंचायतों का होगा चयन, 15 सितंबर तक करना होगा आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गांवों में विकास और जनसुविधाओं के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत प्रदेश की 10 उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक विजेता पंचायत को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पुरस्कार की दौड़ में शामिल होने के लिए पंचायतों को 15 सितंबर तक सीएम अवार्ड पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायतों के कामकाज और उपलब्धियों के आधार पर 10 अलग-अलग श्रेणियों में मूल्यांकन किया जाएगा। इनमें घर-घर कूड़ा एकत्र करने, पंचायत की आय के स्रोत विकसित करने, कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराने और मेरा तालाब, मेरी योजना के तहत बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा आधार केंद्रों के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतें भी पुरस्कार की दावेदार होंगी। महिला नेतृत्व एवं सहभागिता तथा जैविक कृषि के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों को भी चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
पहले देना होगा बेसिक सवालों का जवाब
पुरस्कार के लिए पंचायतों को सीएम अवार्ड पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया में सबसे पहले निर्धारित बेसिक प्रश्नों के जवाब देने होंगे। इसके बाद उपलब्धियों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इन्हीं दस्तावेजों और दावों के आधार पर पंचायतों का मूल्यांकन किया जाएगा।
हर मंडल से तीन पंचायतें होंगी शॉर्टलिस्ट
प्राप्त आवेदनों का मंडलवार गठित समिति मूल्यांकन करेगी। सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली प्रत्येक मंडल की तीन-तीन पंचायतों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर चयनित पंचायतों में से 10 सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायतों का अंतिम चयन होगा। चयनित पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित करने के साथ प्रत्येक को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।