आज जारी होगा 42,080 छात्रों का परीक्षा परिणाम
नोएडा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 42,080 छात्रों का परीक्षा परिणाम मंगलवार को जारी होगा। स्कूलों की तरफ से इसकी सूचना छात्रों को व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई है। रिजल्ट जारी होने के बाद स्कूलों की ओर से परिसर में परीक्षा परिणाम की सूची चस्पा कर दी जाएगी।
मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे रिजल्ट घोषित किया जाएगा। कई स्कूलों ने छात्रों को स्कूल बुलाया है, ताकि वो आसानी से रिजल्ट देख सकें। इसके अलावा छात्र अपने परीक्षा परिणाम देखने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in और एनआईसी की वेबसाइट upresults.nic.in पर देख सकते हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में 42,080 छात्रों ने हाईस्कूल ओर इंटरमीडिएट के लिए पंजीकरण कराया था। इसमें से हाईस्कूल में 22,645 और इंटरमीडिएट में 19,435 छात्र हैं। पिछले वर्ष भी जिले का रिजल्ट अच्छा रहा था। उम्मीद है इस बार भी अच्छा रहेगा। स्कूलों की ओर से छात्रों की काउंसलिंग भी की गई है ताकि वो नंबरों को लेकर तनाव न लें। छात्रों को बताया गया है कि अंक सिर्फ एक नंबर है। इससे भविष्य तय नहीं होता है। यह साल भर की मेहनत का परिणाम है। ब्यूरो