निजी अस्पतालों में हर महीने 10 से 12 किशोरियां लगवाती हैं एचपीवी वैक्सीन
सरकारी अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध न होने से निजी अस्पताल में वैक्सीन लगवाने पहुंचती थीं किशोरियां
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। भारत सरकार की ओर से सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन का निशुल्क टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है लेकिन सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जंग पहले से ही जारी थी। निजी अस्पतालों में सर्वाइकल कैंसर से बचाव की वैक्सीन लगाई जाती थी।
निजी अस्पतालों की रिपोर्ट के मुताबिक, हर महीने 10 से 12 किशोरियां एचपीवी वैक्सीन लगवाने पहुंचती हैं और इनकी उम्र 9 से 14 साल के बीच होती है। बतादें कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 साल की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। मेदांता हॉस्पिटल की गाइनेकोलॉजी कंसल्टेंट डॉ. प्रिया बंसल ने बताया कि ओपीडी में इलाज के लिए आने वाली महिलाओं में करीब 60 फीसदी महिलाएं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग करवाने आती हैं। इन महिलाओं की उम्र 21 से 65 वर्ष के बीच होती है। वहीं, हर महीने लगभग 2 से 3 महिलाएं सर्वाइकल कैंसर पॉजिटिव भी आती हैं। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए हर महीने लगभग 10 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। डॉ. प्रिया के मुताबिक सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन 9 से 14 वर्ष की किशोरियों के लिए सबसे उपयुक्त है। इस उम्र में 2 डोज दी जाती हैं, जिनमें पहली डोज के बाद दूसरी डोज 6 से 12 महीने के बीच लगती है। 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र में 3 डोज (0, 2 और 6 महीने) में दी जाती हैं, इससे सर्वाइकल कैंसर का जोखिम कम होता है।
निजी अस्पताल स्वास्थ्य विभाग को नहीं देते डाटा
एसीएमओ व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सिरोहा ने बताया कि निजी अस्पताल में एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के पास इसका डाटा उपलब्ध नहीं रहता है, क्योंकि निजी अस्पताल यू-विन पोर्टल पर इसका डाटा अपलोड नहीं करते हैं। यू-विन पोर्टल का इस्तेमाल सिर्फ बच्चों के टीकाकरण के लिए हो रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग को भी समस्या होती है क्योंकि हमें एचपीवी के अलावा अन्य टीकों का भी डाटा नहीं मिल पाता है।
निजी अस्पतालों में एचपीवी वैक्सीनेशन का डाटा
-सेक्टर 110 स्थित यथार्थ हॉस्पिटल -
जनवरी 2025 से फरवरी 2026 तक 60 किशोरियों ने लगाई वैक्सीन
- सेक्टर 50 स्थिति मेदांता हॉस्पिटल -
हर महीने करीब 10 की किशोरियां वैक्सीन लगवा रहीं
- सेक्टर 11 स्थित मेट्रो हॉस्पिटल
6 महीने में 13 किशोरियों ने लगवाई वैक्सीन