हर रोज करीब डेढ़ हजार दर्शक निशुल्क उठा सकेंगे यूपी कबड्डी लीग का लुत्फ
11 से 25 जुलाई तक रोज शाम पांच बजे से 9 बजे तक होंगे चार मैच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-21ए नोएडा इंडोर स्टेडियम में रोज करीब डेढ़ हजार दर्शकों को यूपी कबड्डी लीग का निशुल्क लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। मुख्य अतिथि व प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्री गिरीश यादव सुबह दस बजे लीग का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद शाम पांच बजे से रात के 9 बजे तक लीग के चार मैच रोज खेले जाएंगे। दर्शकों को प्रवेश के लिए एंट्री पास दिया जाएगा। एक एंट्री पास चारों मैच के लिए वैध होगा। एक बार में अधिकतम डेढ़ हजार लोग ही मैच देख पाएंगे।
पहला मैच यमुना योद्धा और लखनऊ लायंस के बीच खेला जाएगा। यूपी कबड्डी लीग के संस्थापक संभव जैन ने बताया कि इंडोर स्टेडियम में लीग आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को खिलाड़ी व कोच के लिए एजुकेशनल सत्र आयोजित किया गया। सभी आठों टीमें लीग में प्रतिभाग करने के लिए नोएडा पहुंच गई हैं। इन्हें सेक्टर-107 स्थित एक निजी होटल में ठहराया गया है। इस लीग के दौरान कई प्रो कबड्डी लीग के चर्चित खिलाड़ी भी दर्शकों को अपना कमाल दिखाते हुए नजर आएंगे। इनमें अर्जुन देशवाल, विनय तेवतिया और साहुल कुमार जैसे दिग्गज कबड्डी खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ी अर्जुन देशवाल ने बताया कि पुराने खिलाड़ियों के साथ खेलने से नए खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। उनके लिए यूपी लीग सबसे बेहतरीन प्लेटफार्म हैं। लीग के दौरान कमेंटेटर की भूमिका में निखिल अनेजा, निधि रावत, हर्षित नजर आएंगे। खिलाड़ी राहुल चौधरी यूपी कबड्डी लीग के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। लीग के दौरान दर्शकोें को खली का भी दीदार होगा। वह टीम व दर्शकों का हौसला बढ़ाने के लिए यहां मौजूद रहेंगे।