जल मंत्री ने नबी करीम में किया दौरा, कहा- धर्म के नाम पर नहीं होगा भेदभाव
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बृहस्पतिवार को बल्लीमारान के नबी करीम इलाके का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और जल निकासी व जलापूर्ति का स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि रामनगर, बगिची रघुनाथ और भड़भूजे वाली गली सहित अन्य इलाकों में वर्षों तक कई परिवारों को सुविधाओं से वंचित रखा गया, लेकिन अब धर्म के नाम पर कोई भेदभाव नहीं होगा। दिल्ली सरकार हर नागरिक को समान अधिकार और सुविधाएं देगी। पूर्ववर्ती सरकारों और क्षेत्र के वर्तमान विधायक ने बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र में समावेशी और समान विकास नहीं होने दिया। यह साफ दिखता है कि कुछ खास समुदाय को लाभ पहुंचाया गया, जबकि बड़ी आबादी को लगातार नजरअंदाज किया गया। विकास किसी राजनीतिक इनाम का माध्यम नहीं, बल्कि हर नागरिक का हक है।
उन्होंने कहा कि पानी कनेक्शन की जांच और नालों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी। पिछली सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में बड़ी संख्या में पानी के अवैध रूप से कनेक्शन दिए गए। इनसे जुड़ी सभी फाइलें तलब की गईं हैं। हर मामले की निष्पक्ष जांच होगी। यदि कोई कनेक्शन जायज है तो उसे नियमित किया जाएगा और यदि अनुचित पाया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी।
सीवर सुविधा होगी अपग्रेड
प्रवेश वर्मा ने कहा कि भड़भूजे वाली गली जैसे तंग इलाकों में सीवर लाइन को अपग्रेड करने का कार्य तुरंत शुरू किया जाएगा। इन गलियों में खुले नाले स्वास्थ्य व स्वच्छता के लिए वर्षों से चुनौती बने हुए हैं। नबी करीम और आसपास के इलाकों में सभी विकास कार्य पारदर्शिता, जवाबदेही और जन-सहभागिता के साथ पूरे किए जाएंगे।