- शाहबेरी में 7 करोड़ की लागत से तैयार हुआ था सब स्टेशन
नोएडा। सात करोड़ की लागत से बने शाहबेरी विद्युत उपकेंद्र को शुरू हुए सात दिन भी नहीं बीते थे कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली गुल होने से जूझना पड़ रहा है। एक घंटे में लगभग दस बार ट्रिपिंग की समस्या उपकेंद्र में आ रही है। इससे पहले क्षेत्री के उपभोक्ताओं को गाजियाबाद से आपूर्ति दी जाती थी। सेक्टर 49 के निवासी सुयश सिंह ने बताया कि रोजाना इतनी बिजली गुल होती है कि रात काटना दुश्वार हो जाता है। सेक्टर-20 के रहने वाले वीर शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में सुधार कार्य हुए थे फिर भी बिजली नहीं रहती। ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की दिक्कत रहती है। ब्यूरो
दिनभर कटौती रात में लो वोल्टेज कर
शहरवासियों को बिजली के लिए बुधवार को भी मशक्कत करनी पड़ी। कई सेक्टरों में बिजली संकट से निवासियों को जूझना पड़ा। दस से बारह घंटे बिजली कटौती होने के कारण दिनभर गर्मी ने उपभोक्ताओं को सताया। सेक्टर-71 में रातभर बिजली की स्थिति बिगड़ी रही। शहर के अन्य सेक्टरों में भी हाल ऐसा ही रहा। सेक्टर-20 में भी दोपहर के समय बिजली गायब रही। बरौला में भी देर रात हुए फाल्ट को बुधवार को दुरुस्त कराया जा सका। इससे उपभोक्ताओं को रातभर गर्मी ने परेशान किया। होशियारपुर में भी ट्रिपिंग की समस्या रातभर जारी रही। सेक्टर 10, 76, 78, 122, 135 सेक्टरों में भी बिजली कटौती ने जीना मुहाल कर दिया। कई उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन शिकायत की आरोप है कि इसके बावजूद विद्युत निगम की ओर से कार्रवाई नहीं की गई।
विद्युत निगम की ओर से कई स्थानों पर क्षमता वृद्धि के काम कराए गए जो कि उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने में मददगार हो रहे हैं। गत वर्ष के बिजनेस प्लान के सभी कार्य पूरे हो चुके हैं। -एसके जैन, मुख्य अभियंता विद्युत निगम