शपथपत्र देने के बाद भी तोड़ा नियम तो जब्त होगा डीएल
नोएडा। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान यदि आपने यातायात नियम तोड़ा है और आपके वाहन का चालान कटा है तो इसे जमा करने के साथ-साथ 12 शर्ताें के साथ शपथपत्र भी देना होगा। इसके बाद भी अगर नियम तोड़ा तो ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया जाएगा। फिर भी नहीं माने तो वाहन जब्त कर लिया जाएगा। एआरटीओ प्रशांत तिवारी ने बताया कि अभियान के तहत बिना हेलमेट बाइक और सीट बेल्ट न लगाकर वाहन चलाने वालों के चालान काटे जा रहे हैं। यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी जुर्माना लगाया जा रहा है। ऐसे लोगों को चालान जमा करने के साथ 12 शर्तों वाला शपथ पत्र देना होगा। इनमें शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, डीएल साथ लेकर चलने, मोबाइल का प्रयोग न करने, लाल बत्ती को पार न करने, ओवर स्पीड, एंबुलेंस और दमकल वाहनों को अविलंब साइड देने, गलत लेन में न चलने समेत 12 बिंदु शामिल हैं। वहीं, मंगलवार को मोरना डिपो में भी चालक-परिचालकों को जागरूकता का पाठ पढ़ाया गया। एआरएम आर के त्रिपाठी ने चालकों को बताया कि बस को ओवर स्पीड न चलाया जाए, रांग साइड न चले और शराब पीकर वाहन न चलाए।
फूल देकर किया जागरूक, 75 के चालान काटे
नोएडा। जिले में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत मंगलवार को बिना हेलमेट-सीट बेल्ट लगाकर चलने वाले वाहन स्वामियों को फूल देकर जागरूक किया गया। साथ ही 75 लोगों के चालान भी काटे गए। अधिकारियों ने बताया कि यदि लोग नियमों का पालन करें तो 95 फीसदी हादसे कम हो जाएंगे। एआरटीओ अजय मिश्रा ने बताया कि जेवर, ग्रेटर नोएडा व नोएडा में अलग-अलग स्थानों पर बस यूनियन के साथ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस मौके पर यात्री कर अधिकारी ज्योति मिश्रा भी मौजूद रहीं। ब्यूरो