बाढड़ा अनाज मंडी में शनिवार देर रात को रोष जताते किसान। संवाद
- फोटो : 1
बाढड़ा। बाढड़ा कस्बे की अनाज मंडी में शुक्रवार को बाजरा लेकर आए किसानों का शनिवार शाम तक 36 घंटे बाद भी गेट पास जारी नहीं होने पर उनका धैर्य जवाब दे गया और वह भड़क गए। गुस्साए किसानों ने आरोप लगाया कि खरीद प्रक्रिया को जानबूझ कर बाधित किया जा रहा है। वहीं खरीद अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया ठप होने की वजह बताई तो किसानों ने शनिवार देर रात अनाज मंडी के सामने बाजरा से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े कर रोष जताया। इस दौरान किसानों ने फोन पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को सारी स्थिति से अवगत कराया जिसके बाद कृषि मंत्री ने पोर्टल खुलवाया और खरीद प्रक्रिया शुरू हो पाई।
कस्बे की अनाज मंडी में शुरुआत से बाजरा खरीद प्रक्रिया धीमी चली और इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। बाजरा लेकर आने वाले किसानों को गेट पास से लेकर बेचना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। क्षेत्र के कई किसानों ने तो मंडी की अव्यवस्था से परेशान हो कर ग्रामीण क्षेत्र के व्यापारियों को औने-पौने दामों में बाजरा बेच दिया। मंडी में लगातार एक-एक सप्ताह तक खरीद प्रक्रिया बंद भी रही है जिससे किसानों में सरकार के प्रति गहरी नाराजगी बनी रही है।
लगातार दो दिन से बाधित गेट पास व्यवस्था से दुखी किसान शनिवार देर रात तक अपने गेट पास के लिए मंडी में ही डेरा डाले नजर आए और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से सुध नहीं लेने पर उन्होंने रोष जताया। किसान नेता नरेश कादयान, सतपाल श्योराण, राजेश कुमार, रमेश कुमार, अनिल, जगबीर सिंह, अजय कुमार आदि ने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन किसानों के साथ मजाक कर रहा है।