संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। दिल्ली से सामान लेकर लौट रहे कपड़ा व्यापारी को रास्ते में कार सवार अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। कार की बॉडी को चीरती हुई गोली व्यापारी की कमर के पास लगी। किसी तरह व्यापारी एटा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचा। यहां से हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया है।
शहर के चित्रगुप्त कॉलोनी के रहने वाले गौरव सिकरवार ने बताया कि मित्र अजय शर्मा निवासी आगरा रोड घर के पास ही रेडीमेड कपड़ों की दुकान करते हैं। वह अक्सर दिल्ली से कपड़े लेकर आते हैं और यहां उनकी बिक्री करते हैं।
बृहस्पतिवार को भी दिल्ली से सामान लेने के बाद खैर-टप्पल होते हुए घर लौट रहे थे। उसी समय खैर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात कार ने उनका पीछा किया। कार सवारों ने रोकने के लिए कई बार कट भी मारा। जब अजय शर्मा ने कार नहीं रोकी तो आरोपियों ने फायर कर दिया जो कि कार की बॉडी को चीरते हुए अजय शर्मा की कमर के पास लगा।
घायल अवस्था में ही कार लेकर अजय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी आए। यहां से परिजन को कॉल की। सब लोग पहुंच गए तो चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अजय को आगरा रेफर कर दिया। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि इस प्रकार की घटना के बारे में जानकारी नहीं मिली है। शिकायत मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।