- री नीट के दौरान जिले के 23 केंद्रों पर एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी रहे तैनात
नंबर
10,823 पंजीकृत अभ्यर्थी
9,540 ने दी परीक्षा
1,283 अनुपस्थित रहे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। रविवार सुबह करीब 11 बजे कासना के श्री अमिचंद इंटर कॉलेज के बाहर नीट के परीक्षार्थी कतार में लग गए। एक के बाद एक अभ्यर्थी की सघन जांच के बाद प्रवेश दिया जाने लगा। जबरदस्त चेकिंग को देखते हुए अभिभावकों ने खुद अभ्यर्थियों के माला उतरवा दी। वहीं गेट पर तैनात पुलिसकर्मी हर अभ्यर्थी की जांच में जुटे थे। उन्होंने पैंट और शर्ट की पॉकेट भी खंगाले । शक होने पर उन्होंने एक परीक्षार्थी का चश्मा तक मेटल डिटेक्टर से चेक किया।
सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक केंद्र पर जांच के बाद सबको प्रवेश देने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान बड़ी तादाद में पुलिसकर्मी तैनात रहे। कुछ यही हाल जिले के सभी 23 केंद्रों पर दिखा। जहां दोबारा परीक्षा में शामिल होने के लिए 9540 परीक्षार्थी पहुंचे थे। रविवार को जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को दोबारा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात रहे। इसके अलावा निजी सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों की मदद ली गई।
परीक्षा के दौरान नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा जोन में विशेष निगरानी रखी गई। जिले में नोएडा जोन में पांच, सेंट्रल नोएडा जोन में 11 और ग्रेटर नोएडा जोन में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षण अधिकारियों के साथ निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी, पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ईयरफोन, स्मार्ट डिवाइस, ब्लूटूथ, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, कागजी पर्चियां, नोटबुक, कैमरा, घड़ी, पर्स, ज्वेलरी सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की छूट दी गई। परीक्षा अवधि के दौरान क्षेत्र में धारा 163 बीएनएसएस भी प्रभावी रही। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह और पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम सहित निगरानी करते रहे।
चौराहों पर तैनात रही पीआरवी
वहीं अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुगमता से पहुंचाने के लिए बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों के आसपास पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित किए गए थे। यातायात पुलिस और सिविल पुलिस को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। जिससे कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। प्रमुख चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास डायल-112 पीआरवी वाहनों की भी तैनाती की गई थी।
नीट परीक्षा के दौरान केंद्र के पास खुली रही फोटोकॉपी की दुकान
रविवार को साकीपुर स्थित नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज में आयोजित नीट परीक्षा के दौरान 200 मीटर की दूरी पर एक जन परीक्षा केंद्र के करीब स्थित फोटोकॉपी की दुकान पर सामान्य गतिविधियां जारी रहीं। जबकि एनटीए के निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के निर्धारित दायरे में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जानी चाहिए थी।
किराये में छूट का लाभ नहीं उठा सके कई छात्र
प्रदेश सरकार ने नीट अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में 50 प्रतिशत किराये की छूट देने की घोषणा की थी। हालांकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्र इस सुविधा का लाभ नहीं ले सके। गाजियाबाद, नोएडा और अन्य क्षेत्रों से आने वाले कई परीक्षार्थियों को सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। जिन मार्गों पर बसें संचालित थीं, वहां भी यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। ग्रेटर नोएडा डिपो की एआरएम समीना अंजुमा ने बताया कि रोडवेज बसों से यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार किराये में छूट दी गई है, जबकि लाभार्थियों की संख्या की जानकारी सोमवार तक उपलब्ध होगी।