-कहा, ब्रेक डाउन की समस्या के चलते प्रभावित हो रहा है उत्पादन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एनईए सभागार में शुक्रवार को मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन के साथ उद्यमियों की बैठक हुई। इस दौरान उद्यमियों ने अधिकारियों को बताया कि सेक्टर-80, फेस टू और हौजरी कॉम्प्लेक्स में कई दिनों से ब्रेकडाउन हो रहा है। इस वजह से उत्पादन प्रभावित होने के कारण उद्यमियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वहीं, उद्यमियों को 12 वर्ष पूर्व जमा की गई धनराशि को वर्तमान में जारी विद्युत बिलों में जोड़कर भेजा जा रहा है। विभाग उस धनराशि की देयताओं के भुगतान के साक्ष्य के रूप में बैंक स्टेटमेंट की मांग कर रहा है। उद्यमियों ने मांग की कि बकाया जोड़कर भेजे गए बिलों को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। साथ ही, सेक्टर-59 बी ब्लॉक में एक इंडस्ट्री का विद्युत कनेक्शन इंडस्ट्रियल से कमर्शियल में बदल दिया गया और 4,60,697 का दंड लगाकर नोटिस जारी किया गया है। जबकि उद्यमी की ओर से आपत्ति दर्ज कराने पर विभागीय जांच में पाया गया कि वहां वास्तव में इंडस्ट्रियल कार्य ही हो रहा है। सेक्टर-4 सी में एक इंडस्ट्री ने अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए विद्युत विभाग में आवेदन किया था लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी विभाग ने अब तक प्रमाण पत्र जारी नहीं किया है। इस पर मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन ने कहा कि विद्युत सब-स्टेशनों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को दूर किया जा रहा है।