- भारतीय किसान यूनियन टिकैत के तत्वाधान में 400 किसानों ने की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर के कुरैव गांव में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बुलाई बैठक में लंबित ग्रामीणों के विभिन्न मांगों को लेकर बैठक हुई। बैठक में भूमि अधिग्रहण, उचित मुआवजा और पुनर्वास नीति में सुधार जैसे अन्य मांगों को यमुना प्राधिकरण और सरकार से पूरा करने को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान पांच गांवों के लगभग 400 किसान मौजूद रहे।
संगठन के उपाध्यक्ष पवन चौरोली ने बताया कि किसानों ने बैठक के दौरान नई पत्रावली के तहत भुगतान राशि में 33% की वृद्धि के आदेश जारी करने, वारिसान के लिए 5.50 लाख के बजाय 12 लाख रुपये और मूल्यांकित 6.36 लाख के बजाय 15 लाख रुपये दिए जाने की मांग की है। भूमि अर्जन पुनर्वास और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता के अलावा विस्थापन नीति में सुधार की भी मांग की गई। जिन किसानों के मकान व बोरिंग की पहचान हो चुकी है, उनका तत्काल री-पैमाइश कराकर किसानों ने मुआवजा मांगा है। किसानों ने बताया कि धारा-11 लागू हुए लगभग 3 वर्ष हो गए हैं, इस दौरान 150 से अधिक व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन मृत व्यक्तियों को लाभ नहीं दिया जा रहा है। 6 महीने से कुछ किसानों की मूल्यांकन पत्रावली की फाइलें कार्यालय में जमा हैं जिसका शीघ्र भुगतान होना चाहिए। किसानों ने समस्याओं का अतिशीघ्र निराकरण करने की मांग की है।