कालिंदी कुंज के रास्ते दिल्ली में प्रवेश बंद
नोएडा। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में दिल्ली के जामिया नगर इलाके में भड़की हिंसा का असर दूसरे दिन भी दिखाई दिया। माहौल बिगड़ने का अंदेशा देख सोमवार सुबह दिल्ली पुलिस ने अलर्ट जारी कर कालिंदी कुंज मार्ग बंद करने की सूचना नोएडा पुलिस को दी। इसके बाद सुबह 8 बजे एक्सप्रेसवे और महामाया फ्लाईओवर के रास्ते कालिंदी कुंज की तरफ जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया। नोएडा से दक्षिणी दिल्ली, बदरपुर, सरिता विहार और मथुरा रोड के रास्ते फरीदाबाद की तरफ जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डायवर्जन की वजह से डीएनडी फ्लाईवे और चिल्ला रेगुलेटर क्रॉसिंग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। दिनभर दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर वाहनों की रफ्तार मंद रही। सुबह-शाम पीक टाइम में लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा। हालांकि, सोमवार सुबह दिल्ली में भी कई रास्ते बंद कर दिए गए थे, जिस कारण कालिंदी कुंज की तरफ से ओखला बैराज के रास्ते इक्का-दुक्का वाहन ही नोएडा में प्रवेश कर रहे थे। ऐसे में दिल्ली से नोएडा के बीच की दूरी तय करने के लिए लोगों को कई किलोमीटर लंबा अतिरिक्त सफर तय करना पड़ा। दिल्ली में रास्ते बंद होने और जाम की वजह से कई लोगों को ऑफिस से छुट्टी करनी पड़ी। जामिया के पास कई कार्यालयों की छुट्टी कर दी गई।
ऐसे रहा डायवर्जन
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने महामाया फ्लाईओवर के ऊपर से ही वाहनों को दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर उतारकर डीएनडी की ओर रवाना किया। एक्सप्रेस-वे की ओर से कालिंदी कुंज की तरफ जाने वाले वाहनों को बायीं ओर नहीं मुड़ने दिया गया। वाहनों को सीधे डीएनडी व चिल्का कट की तरफ रवाना किया गया। इसी तरह सेक्टर-125 व 126 की तरफ से आने वाले वाहनों को सेक्टर-94 के पास बने गोल चक्कर से ही वापस नोएडा की तरफ मोड़ दिया गया। सुबह 11 बजे के बाद केवल दुपहिया वाहनों को ही दिल्ली में प्रवेश दिया गया। इसके अलावा एंबुलेंस को भी नहीं रोका गया।
गाड़ी छोड़ मेट्रो पकड़ी, बसों का बदल गया रूट
ओखला, सरिता विहार, बदरपुर व फरीदाबाद आदि से नोएडा आने वाले दैनिक नौकरीपेशा लोगों ने सोमवार को निजी वाहन छोड़ मेट्रो का विकल्प अपनाया। जाम और रास्ते बंद होते देख कई लोगों ने बॉटेनिकल गार्डन व ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन की पार्किंग पर वाहनों को खड़ा कर मेट्रो से सफर तय किया। कालिंदी कुंज के रास्ते दिल्ली-नोएडा के बीच आवाजाही करने वाली बदरपुर, महरौली, नेहरू प्लेस आदि रूट की बसों के फेरे भी सोमवार को कम रहे।