संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शहर की पेपर मिल कॉलोनी के ग्राउंड में पांच दिवसीय स्वदेशी मेला लगाया जा रहा है। इस मेले में लोगों को देश की परंपरा व संस्कृति से जुड़े व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा। वहीं, मेले में पूरी तरह देसी व हस्त निर्मित उत्पाद मिलेंगे। चूंकि इस मेले में लगने वाले स्टॉल पूरी तरह स्वदेशी होंगे।
यह स्टाॅल स्थानीय उद्योगों, गृह उद्यमियों, स्वरोजगार से जुड़ी और स्वयं सहायता समूह की ओर से लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा यहां पर बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करवाएं जाएंगे। इस स्वदेशी मेले का शनिवार को शुभारंभ हो गया है। मेले में जहां लोगों को देसी वस्तुएं मिलेंगी, वहीं अपनापन भी देखने मिलेगा।
शनिवार को पहले दिन मेला बिल्कुल खाली रहा। यहां लोगों का आना तो दूर मेले में स्टॉल लगाने वाले ही देरी से आए। देर शाम तक मेला वीरान रहा और इस दौरान तैयारियां चलती रहीं। इस दौरान कुछेक लोग ही मेले में पहुंचे। मेले में स्टॉल लगाने वाली स्वयं सहायता समूह व स्वदेशी गृह उद्योग संचालक ही नहीं आए थे। यह मेला 11 से 15 अक्टूबर तक लगाया जा रहा है।
इसमें प्रतिदिन सुबह दस से दोपहर एक बजे तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों व विद्यार्थियों की प्रतियोगिताएं करवाई जानी है। परंतु पहले दिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम का स्टेज भी पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया था। एक तरफ बनाए गए 15 स्टॉल के टेंट पूरी तरह खाली रहे। इस दौरान सात-आठ गृह उद्योग से जुड़े लोग ही पहुंचे।
इसके अलावा पहले दिन मेले में चंद लोग ही पहुंचे। मेला खाली देख उन्हें निराशा हुई। बावजूद इसके उन्होंने सजी स्टॉल पर बिकने वाले उत्पादों में दिलचस्पी दिखाई। स्वदेशी जागरण मंच से मेला आयोजक डॉ. दीपमाला कांबोज ने बताया कि त्योहार कारण स्टॉल संचालकों को आने में देरी हुई है। मेले के लिए 40 स्टॉल बुक हैं। वहीं, अभी और लोग भी बुकिंग करवा रहे हैं।
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वदेशी उत्पाद, भारतीय एवं लोक परंपरा के व्यंजन, प्राकृतिक खेती के उत्पाद, गृह उद्योग, हस्त निर्मित वस्तुएं की स्टॉल लगाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को मेला परवान पर होगा और निर्धारित समय पर तय कार्यक्रम करवाएं जाएंगे। डॉ. दीपमाला ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य लोगों को स्वदेशी अपनाने व इसे बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करना है।
शाम को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले में स्थानीय उत्पादों के स्टॉल, स्वदेशी खानपान, हस्तशिल्प वस्तुएं, घरेलू साज-सज्जा की सामग्री, प्राकृतिक उत्पाद और ऑर्गेनिक वस्तुओं के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। मनोरंजन के लिए झूले, फूड कोर्ट और आकर्षक गतिविधियां भी उपलब्ध हैं। वहीं, प्रतिदिन सुबह दस बजे से एक बजे तक विभिन्न विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, वाद-विवाद, क्विज़, निबंध लेखन, समूह नृत्य और रंगोली निर्माण प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इसके अलावा प्रतिदिन शाम को पांच से आठ बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक संध्या करवाई जाएगी इसमें हरियाणवी, पंजाबी और देशभक्ति गीत, लोक नृत्य, जादू शो और भजन संध्या कार्यक्रम होंगे।
हर दिन लगेगा स्वास्थ्य जांच शिविर
डॉ. दीपमाला ने बताया कि मेले में हर दिन निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। शिविर बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन जांच के साथ डॉक्टर और डाइटीशियन द्वारा स्वास्थ्य परामर्श परामर्श दिया जाएगा। 14 अक्टूबर को नेत्र जांच शिविर लगेगा, जिसमें नि:शुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे। वहीं, आयुष्मान और आभा आईडी भी वहीं बनवाए जाएंगे।
पेपर मिल ग्राउंड में लगे स्वदेशी मेले में खरीदारी करते लोग। संवाद