-
-अमरपुर गांव में भी 10 करोड़ रुपये की 5000 वर्ग मीटर जमीन से हटाया अतिक्रमण
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शनिवार को अमरपुर गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया। यहां करीब 10 करोड़ रुपये की 5000 वर्ग मीटर जमीन को खाली कराया गया है। जमीन पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ था। इस पर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। प्राधिकरण के वर्क सर्किल-8 के प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन की तार फेंसिंग कराई जाएगी।
वहीं ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी गांव में शत्रु संपत्ति पर बनीं नौ दुकानें भी सील कर दी गईं। अफसरों ने बताया कि अन्य अवैध निर्माण भी चिन्हित किए जा रहे हैं। एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित इलाकों में किसी भी सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे इलाकों में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
17 दिन में अतिक्रमण पर सातवीं कार्रवाई
बीते 17 दिनों में अतिक्रमण पर प्राधिकरण की यह सातवीं कार्रवाई है। इससे पहले प्राधिकरण भनौता, हैबतपुर, रोहिल्लापुर और खेड़ा चौगानपुर गांव में कार्रवाई कर चुका है।