संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। त्योहारी सीजन में सड़कों पर जाम की स्थिति न हो, इसके लिए नगर निगम की ओर से जगाधरी वर्कशॉप व ऑटो मार्केट से अतिक्रमण हटाया गया। सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा की अगुवाई में टीम ने यह कार्रवाई शहीद भगत सिंह चौक से महाराणा प्रताप चौक तक और ऑटो मार्केट में की। जिन दुकानदारों का सामान हद से बाहर था, उसे जब्त कर लिया गया।
अतिक्रमण हटाने के लिए वार्ड एक से सात तक सीएसआई हरजीत सिंह, वार्ड आठ से 15 तक सीएसआई विनोद बेनीवाल और वार्ड 16 से 22 तक सीएसआई अनिल नैन के नेतृत्व में टीमें बनाई गई हैं। देर शाम एसआई गोविंद शर्मा, होमगार्ड के जवानों व अन्य निगम कर्मियों के साथ वर्कशॉप रोड पर पहुंचे। यहां निगम की टीम ने सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाना शुरू किया।
निगम टीम को देखकर दुकानदारों ने सामान सड़क से उठाकर दुकानों में रखना शुरू कर दिया। निगम टीम ने दुकानदारों को सड़क पर सामान न रखने के लिए जागरूक किया। दुकानदारों को समझाया कि सड़कों पर अतिक्रमण करने से रास्ते संकरे हो जाते हैं, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है और आमजन को परेशानी होती है।
त्योहारी सीजन में वैसे ही सड़कों पर यातायात प्रभावित रहता है, इसलिए आमजन को होने वाली परेशानियों को ध्यान में रख कोई भी दुकानदार सड़कों पर अतिक्रमण न करें। इसके बाद निगम टीम ने ऑटो मार्केट से अतिक्रमण हटाया और दुकानदारों को समझाया। जिन दुकानदारों का सामान सड़क तक फैला हुआ था, उसे जब्त किया गया। दोबारा सड़क पर सामान रखने पर चालान की चेतावनी दी गई।