नगीना। मांडीखेड़ा गांव के मुख्य रास्ते पर दबंगों ने दीवार बनाकर कब्जा कर लिया है। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ते में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायत देकर मुख्य रास्ते से कब्जा हटाने की गुहार लगाई है। साथ ही पंचायत विभाग और मुख्यमंत्री को ट्वीट कर लोगों ने संबंधित परिवारों के खिलाफ केस दर्ज करने की भी मांग की है।
ब्लॉक पंचायत समिति के उपाध्यक्ष उस्मान दुर्रानी, पूर्व सरपंच दिनेश कालडा, पूर्व ब्लाक पंचायत समिति सदस्य संजय सैठी, पूर्व सरपंच पोप सिंह, चौधरी मजीद, हाकम खान, साबिर हुसैन, रेहान रजा, पूर्व मुख्याध्यापक वीरभान, चौधरी इकबाल खान पूर्व चेयरमैन ने बताया कि यह गांव का मुख्य रास्ता है। यहां दीवार बनाकर कुछ लोग दुकान बनाना चाहते हैं। इस दीवार के कारण चालकों को निकलने में कठिनाइयां होती है।
नगीना खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी विरेंद्र सिंह कुंडू ने बताया कि ग्राम पंचायत को कब्जा हटाने का पूरा अधिकार है। वह ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित करें और लगाई गई दीवार को हटाए। इस रास्ते में दोनों तरफ नालियां बनवाए और इसको पक्का करें। ताकि लोगों को दिक्कत नहीं हो।