विकसित भारत रोजगार योजना समारोह में नियोक्ता-कर्मचारी सम्मानित
युवाओं और रोजगार के बीच मजबूत कड़ी बन रही योजना
समारोह में चयनित युवाओं को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के चलते नॉलेज पार्क-4 स्थित ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जीएनआईडीए) के सभागार में शुक्रवार को आयोजित समारोह में नियोक्ताओं और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह से वर्चुअली जुड़ा रहा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाभार्थियों को संबोधित किया। दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रधानमंत्री सभी जगह आयोजित हो रहे कार्यक्रमों में लाइव कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े और उनकी उपस्थिति में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से देशभर के लाभार्थियों को करीब 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की गई। समारोह में मौजूद लोगों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के जिला प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह मुख्य अतिथि रहे। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि विकसित भारत रोजगार योजना देश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। जिला प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास नीतियों से देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के सभी रनवे शुरू होने के बाद यह एशिया के प्रमुख एयरपोर्ट में शामिल होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यह योजना 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में अहम भूमिका निभाएगी।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाएं देश को विकसित भारत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने दादरी में प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर इकाई स्थापित होने का भी बात कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं और रोजगार के बीच मजबूत कड़ी का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 20 लाख युवा नौकरी के छह महीने पूरे कर चुके हैं और साथ ही 10 लाख युवाओं को प्रोत्साहन राशि मिल चुकी है। ईपीएफओ अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में 4339 योगदान देने वाले प्रतिष्ठान हैं, जिनमें से 3165 योजना में पंजीकृत हैं और 2.60 लाख से अधिक पुन: रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारी योजना से जुड़ चुके हैं।