ग्रेनो में जुटे विशेषज्ञ, सर्जरी का लाइव प्रसारण कर अधुनिक शल्य तकनीक पर चर्चा की गई
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जेपी ग्रींस सोसाइटी में आईएएस जॉइंट प्रिजर्वेशन प्रोग्राम-2026 का आयोजन किया गया। इसमें जिम्स के ऑपरेशन थिएटर से सर्जरी का लाइव प्रसारण किया गया। विशेषज्ञ सर्जनों ने जॉइंट प्रिजर्वेशन से जुड़ी आधुनिक शल्य तकनीकों का चरणबद्ध प्रदर्शन किया और इनके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
इंडियन ऑर्थ्रोस्कोपी सोसाइटी के तत्वावधान और ग्रेटर नोएडा ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक तकनीकों के जरिए प्राकृतिक जोड़ को सुरक्षित रखने और जॉइंट रिप्लेसमेंट की आवश्यकता को यथासंभव टालने के लिए चिकित्सकों के ज्ञान व शल्य कौशल को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता और विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के कुलपति डॉ. अजय सिंह रहे। जिम्स के निदेशक ने कहा कि एआई के दौर में चिकित्सा विज्ञान तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में जोड़ प्रत्यारोपण के बजाय प्राकृतिक जोड़ को संरक्षित रखना मरीजों के लिए अधिक लाभकारी विकल्प है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिम्स के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन एवं ऑर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. विकास सक्सेना ने की। ग्रेटर नोएडा ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एपी सिंह, ऑर्गेनाइजिंग सचिव डॉ. प्रतीक रस्तोगी समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।