नोएडा। सेक्टर-27 से 61 के बीच बने नोएडा एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-33 के सामने हुए गड्ढे पर आईआईटी की जांच रिपोर्ट अभी नोएडा प्राधिकरण को नहीं मिली है। 20 अक्तूबर को गड्ढा होने के अगले दिन से सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर वाहनों का आवागमन बंद है। आईआईटी की रिपोर्ट में कंक्रीट कमजोर पड़ने से लेकर गड्ढा होने की वजह का पता चलेगा। इसके आधार पर आईआईटी के इंजीनियर मरम्मत का तरीका सुझाएंगे। फिर काम शुरू होगा। फिलहाल यह लेन बंद है। इससे शहरवासियों को जाम से जूझना पड़ रहा है। वे आवागमन खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
मार्ग पर पहले 18 अक्तूबर को गड्ढा हुआ था। इसे प्राधिकरण ने भरवा दिया था लेकिन उसी जगह फिर गड्ढा हो गया। प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि आईआईटी की रिपोर्ट जल्द मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित काम कराए जाएंगे। इसके बाद ही एलिवेटेड रोड को वाहनों के लिए खोला जाएगा। ब्यूरो