निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड का निरीक्षण करते अधिकारी।
नोएडा। दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) मार्ग पर बन रहे 4.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के काम ने रफ्तार पकड़ ली है। परियोजना को निर्धारित समयसीमा से एक साल पहले तैयार करने का दावा किया जा रहा है। रविवार को यूपी ब्रिज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक एके श्रीवास्तव ने परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने संशोधित डेडलाइन के अनुसार परियोजना का काम बेहतर तरीके से पूरा करने के सख्त दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए।
शहर के इस सबसे पुराने मार्ग पर एलिवेटेड रोड के निर्माण का काम मार्च 2020 में शुरू किया गया था। लॉकडाउन के दौरान काम बंद रहा। हालांकि पाबंदियां हटते ही फिर से तेजी के साथ परियोजना पर काम शुरू कर दिया गया था। नोएडा प्राधिकरण ने 468 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एलिवेटेड रोड परियोजना को तैयार करने का काम यूपी ब्रिज कॉरपोरेशन को सौंपा है। इसके तैयार होने की समयसीमा 7 दिसंबर 2022 निर्धारित की गई थी, लेकिन तेज गति से चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए प्राधिकरण ने अब समयसीमा घटाकर दिसंबर 2021 निर्धारित कर दी है। ऐसे में जनवरी 2022 से इस रोड पर वाहनों के चलने की उम्मीद है। अभी तक एलिवेटेड रोड का 36 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। रविवार को निरीक्षण के दौरान नोएडा प्राधिकरण के मुख्य महाप्रबंधक राजीव त्यागी भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि 2120 पाइल में से 1867 पूरी की जा चुकी हैं। वहीं 145 पाइल कैप में 77 का कार्य पूरा हो चुका है। प्वाइंट-01 में पाइल का 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। प्वाइंट-2 पर 1424 में से 1167 पाइल पूरी की जा चुकी है। 24 घंटे निर्माण कार्य जारी है।