-नोएडा प्राधिकरण जल्द जारी करेगा टेंडर, निर्माण के बाद विद्युत विभाग को होगा हैंडओवर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण 330 करोड़ की लागत से शहर में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य करेगा। इसमें दो जीआईएस उप केंद्र के अलावा 10 अन्य विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे। निर्माण के बाद इसे बिजली विभाग को दे दिया जाएगा। इस बाबत जल्द से जल्द टेंडर निकालने का काम होगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक सेक्टर-155 एवं 136 में 33 केवी के दो जीआईएस उपकेंद्र का निर्माण कार्य शुरू होगा। प्राधिकरण की 218वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर यूपीपीटीसीएल की ओर से उक्त उप केंद्र का एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है। इसके बाद टेंडर निकाली जाएगी। इसकी लागत 210 करोड़ होगी। इसी तरह से नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों में 11 केवी के 10 विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे। उप केंद्रों के एस्टिमेट में ट्रांसफॉर्मर की दरों का दोबारा आकलन करते हुए शामिल किया जाएगा। फिर इसका टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसकी लागत करीब 120 करोड़ होगी।
फीडर व अंडरग्राउंड लाइन का काम जारी
शहर के कई क्षेत्रों में फीडर लाइन एवं अंडरग्राउंड लाइन का काम चल रहा है। मुंबई में अडानी के प्रोजेक्ट का अध्ययन के बाद वापस लौटी टीम ने विभिन्न औद्योगिक एवं आवासीय सेक्टरों व मार्गों पर डबल पोल स्ट्रक्चर के स्थान पर उच्च गुणवत्ता के रिंग मेन यूनिट का प्रयोग किया जाएगा। इसके माध्यम से भूमिगत फीडर लाइनों का निर्माण कार्य चल रहा है।