तावडू। नगर में बृहस्पतिवार को 6 घंटे तक बिजली बंद रही। इसके कारण दुकानदारों के साथ-साथ कार्यालयों में काम कर रहे कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तहसील कार्यालय में कामकाज पूरी तरह बाधित रहा। बृहस्पतिवार सुबह करीब 8 बजे उमस भरी गर्मी में सीटी वन फीडर की बिजली गुल हो गई। इससे पहले बुधवार को भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस कारण नगरवासियों को दिक्कत हुई।
बिजली नहीं आने के कारण कंम्प्यूटर ऑपरेटर, साइबर कैफे संचालक और सीएचसी संचालक काम नहीं कर पाए। एसडीएम, नगरपालिका, तहसील कार्यालय समेत शहर और सदर थाने समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में भी बिजली के कारण कामकाज बाधित रहा। लोगों को बिना काम करवाए वापस लौटना पड़ा। अधिवक्ता धर्मकिशोर, इसराईल, अजरूदीन, किशोरी, गुलशन, अजमत, लवली, पवन, शब्बीर ने बताया कि इस बारे में वे निगम कर्मियों और संबधित अधिकारियों को बार-बार फोन कर बिजली के बारे में पूछताछ करते रहे, लेकिन सिर्फ आश्वासन दिया गया। इस बारे में बिजली विभाग एसडीओ संदीप कुंडू ने बताया कि 11 केवी राठीवास फीडर पर नगर के पटौदी रोड पर एक्सएलपी केबल डालने का कार्य किया गया है। इसलिए कुछ समय बिजली बाधित रही।