रात में काट दी फ्लैट की बिजली, जमकर हंगामा
-ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी वन की 4 एवेन्यू सोसाइटी का मामला, एओए पर लगाया मनमानी का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी वन की 4 एवेन्यू सोसाइटी में एओए और निवासियों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि शुक्रवार देर रात एओए ने एक निवासी के घर की बिजली काट दी। मेंटेनेंस कार्यालय जाकर पता किया तो बताया कि प्रीपेड मीटर का रिचार्ज खत्म हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी हंगामा होने पर करीब ढाई घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू की गई। वहीं, शनिवार को भी काफी हंगामा हुआ। आरोप है कि एओए ने मेंटेनेंस कार्यालय में बाउंसर तैनात कर रखे हैं।
प्रशांत मिश्रा अपने परिवार के साथ सोसाइटी के टावर सी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे वह परिवार के साथ फ्लैट पर पहुंचे। तभी कुछ देर बाद फ्लैट की बिजली काट दी गई। कुछ देर इंतजार करने के बाद मेंटेनेंस कार्यालय जाकर पता किया तो प्रीपेड मीटर का रिचार्ज खत्म होने की जानकारी मिली। आरोप है कि एक दिन पहले ही 1000 रुपये का रिचार्ज कराया था। एओए ने मरम्मत व पुताई का पैसा मीटर से काट लिया। निवासी प्रशांत मिश्रा का आरोप है कि यूपी अपार्टमेंट एक्ट के तहत रात में बिजली नहीं काटी जा सकती है। तब प्रीपेड मीटर भी रिचार्ज नहीं हो सकता था। एओए अध्यक्ष ने बिजली आपूर्ति शुरू करने की मांग की, लेकिन उन्होंने इन्कार कर दिया। शिकायत पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस के बुलाने पर भी एओए अध्यक्ष नीचे नहीं आए। काफी हंगामे के बीच करीब ढाई घंटे बाद एओए ने बिजली आपूर्ति शुरू की। आरोप है कि बिजली नहीं होने से पूरा परिवार में बुजुर्ग समेत सभी लोग परेशान रहे। परिवार सो नहीं सका।
-
बाउंसरों पर अभद्रता करने का आरोप
निवासियों ने बताया कि शनिवार को सोसाइटी की कुछ महिलाएं मेंटेनेंस कार्यालय पर बातचीत करने पहुंचीं तो वहां बाउंसर तैनात मिले। जिन्होंने बात नहीं करने दी। निवासियों ने बाउंसरों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि धक्की मुक्की भी की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
मरम्मत व पुताई टेंडर को चल रहा है विवाद
सोसाइटी में एओए ने मरम्मत व पुताई कराने का काम शुरू कराया है। आरोप है कि टेंडर को गलत प्रक्रिया के साथ जारी किया गया। टेंडर जारी करने में निवासियों की सहमति नहीं ली। जीबीएम की बैठक भी नहीं की। अब एओए निवासियों के बिजली मीटर से टेंडर की धनराशि वसूल रही है। चार माह की किस्तों में यह धनराशि निवासियों के प्रीपेड मीटर से काटी जा रही है। इस पर निवासियों और एओए के बीच विवाद चल रहा है। मामला डिप्टी रजिस्ट्रार के यहां तक पहुंच चुका है।
एओए अध्यक्ष ने लगाया मॉब लिंचिंग का आरोप
सोसाइटी की एओए के अध्यक्ष अजय सिंह का कहना है कि सोसाइटी निवासी प्रशांत मिश्रा का बिजली मीटर पिछले 10 दिन से रोजाना माइनस 250 से ज्यादा रहता है। वह जानबुझकर ऐसा कर रहे हैं। शुक्रवार रात भी उनकी बिजली काटी नहीं गई थी। उनके घर पर तीसरा एसी चलने से बिजली ट्रिप हो गई थी। उनसे रिचार्ज करने को भी बोला गया। रिचार्ज की सुविधा 24 घंटे है, लेकिन रिचार्ज नहीं किया। मेंटेनेंस टीम के साथ धक्का मुक्की की और मोबाइल छीन लिया। उन्होंने बिजली जोड़ने को कहा तो एओए ने उनसे एक फार्म भरने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माने और फोन पर अपशब्द भी बोले। सवेरे 5:32 बजे मीटर रिचार्ज कराया। उन्होंने बताया, शनिवार दोपहर में मेंटेनेंस कार्यालय में काम कर रहा था तभी वह करीब 50 लोगों को लेकर कार्यालय में पहुंचे। उनका मकसद जान लेवा हमला करना था। मॉब लिंचिंग के मकसद से वहां पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यालय पर आने वाले लोगों में से कुछ ने सीसीटीवी कैमरा बंद कराने का प्रयास किया। दोनों घटना के साक्ष्य उनके पास है। पुलिस से शिकायत की जाएगी।