नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर बनने वाले सुल्तानपुर और झट्टा अंडरपास में निर्माण लागत के अलावा नोएडा प्राधिकरण का करोड़ों रुपया खर्च होगा। काम शुरू करवाने से पहले प्राधिकरण को एक्सप्रेस-वे किनारे पड़ी भूमिगत बिजली लाइन को शिफ्ट करवाना है। अकेले सुल्तानपुर अंडरपास के निर्माण क्षेत्र में बिजली के केबल शिफ्ट कराने पर प्राधिकरण 6.80 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
इस काम के लिए एजेंसी चयन का टेंडर विद्युत यांत्रिक विभाग ने जारी कर दिया है। विभाग के सर्कल-4 की तरफ से जारी किए गए टेंडर में एजेंसियों से 11 नवंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। सुल्तानपुर अंडरपास सेक्टर-128 के सामने बनाया जाना प्रस्तावित है। टेंडर कर प्राधिकरण निर्माण एजेंसी का चयन डेढ़ महीने पहले कर चुका है। निर्माण में करीब 81 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत अनुमानित है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि बिजली लाइन शिफ्ट होने के साथ काम शुरू करवाया जाएगा। बिजली लाइन के साथ अंडरपास निर्माण क्षेत्र में लगे स्ट्रीट लाइट के पोल भी शिफ्ट होने हैं। ब्यूरो