200 करोड़ की लागत से बिजली के तारों को किया जाएगा भूमिगत
-पहले चरण में सेक्टर-47, 15ए और सेक्टर-3 में शुरू होगा काम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-47, 15ए और 3 में 200 करोड़ की लागत से बिजली के ओवर हेड तारों को भूमिगत किया जाएगा। विद्युत निगम की मांग पर नोएडा प्राधिकरण यह कदम उठाने जा रहा है। इस कार्य से नोएडा के उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराइ जा सकेगी।
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि बारिश एवं तूफान की हालत में भी सुचारु विद्युत आपूर्ति उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा सकेगी। साथ ही पेड़ों की छंटाई भी कराने की जरूरत महसूस नहीं होगी। इसके अलावा अन्य सेक्टरों के मुख्य मार्गों के बिजली के तारों को भूमिगत कराने की आवश्यकता है।
कम लंबाई के बिजली के पोल किए जा रहे स्थापित
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले तक एक लाख एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं। इसके अलावा पिछले एक वर्ष में 7500 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। जिनमें पुलिस विभाग की ओर से चिह्नित किए गए स्थानों एवं नोएडा प्राधिकरण द्वारा अंधेरे वाले स्थलों को चिह्नित कर करीब 220 स्थानों पर 5361 स्ट्रीट लाइटें व हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा 121 स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम प्रस्तावित है। वहीं, कुछ स्थानों पर घने पेड़ होने की वजह से रोशनी नहीं मिल पा रही है। ऐसे स्थानों पर 4 एवं 6 मीटर के कम लंबाई के पोल स्थापित किए जा रहे हैं। ताकि सड़कों पर प्रकाश की व्यवस्था की जा सके।
कई स्थानों पर डेकोरेटिव पोल लगाए
प्राधिकरण की ओर से पथ प्रकाश एवं सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर डेकोरेटिव पोल लगाए गए हैं। इनमें सेक्टर-29 ब्रह्मपुत्र मार्केट, सेक्टर-18 कालिंदी कुंज एंट्री प्वाइंट, चार मूर्ति एंट्री प्वाइंट, फिल्म सिटी फ्लाईओवर, गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-48, 46, 62, शाहदरा एंट्री प्वाइंट शमिल है। इसके अलावा सेक्टर-34, 46, 47, 50, 14 और अरुण विहार में डेकोरेटिव पोल लगाए जाने का कार्य प्रस्तावित है।