एमसीडी प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया, 21 अप्रैल तक होंगे नामांकन
-
250 में से 12 वार्ड रिक्त हैं, 11 पार्षद चुने गए थे विधायक व एक सांसद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी में मेयर व डिप्टी मेयर पद के चुनाव का बिगुल बज गया है। एमसीडी प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों पदों के लिए 25 अप्रैल को चुनाव होगा। 21 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। डीएमसी एक्ट के तहत प्रतिवर्ष अप्रैल में होने वाली सदन की पहली बैठक में मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव कराना अनिवार्य है।
एमसीडी में इस बार भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। वर्तमान में एमसीडी के 250 में से 12 वार्ड रिक्त हैं। एक पार्षद सांसद व 11 पार्षद विधायक चुने गए थे। ऐसे में कुल प्रभावी सदस्यों की संख्या 238 रह गई है। भाजपा के पास 117 पार्षद हैं, जो सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके अलावा भाजपा के साथ सात लोकसभा सांसद और 11 मनोनीत विधायक भी मतदान में हिस्सा लेंगे। इस प्रकार भाजपा को 135 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। वहीं, आप के पास 113 पार्षद हैं और उसके तीन राज्यसभा सांसद व तीन मनोनीत विधायक हैं। हालांकि, पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से नाराज चल रही हैं। ऐसे में उनके मतदान व्यवहार को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। कांग्रेस के पास आठ पार्षद हैं, लेकिन वह पिछली बार की तरह इस बार भी चुनाव से दूरी बना सकती है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस का किसी भी दल के साथ खुला गठजोड़ नहीं है और पार्टी के पार्षद वोटिंग में हिस्सा न लेकर तटस्थ रह सकते हैं। इस समीकरण के आधार पर भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है और भाजपा की जीत लगभग तय मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर कोई बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो आप के हाथ से एमसीडी की सत्ता फिसल सकती है।