जारचा के अनंतपुर गांव में घर में घुसकर की गई मारपीट में घायल महिला।
- फोटो : Grnoida
रंजिश और भूमि विवाद में दबंगों ने बुजुर्ग दपंती को पीटा, घायल
जारचा। कोतवाली क्षेत्र के आनंदपुर में दबंगों ने चुनावी रंजिश और जमीन विवाद में घर में घुसकर वृद्ध दंपती को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर हवाई फायरिंग करने और भतीजे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि आनंदपुर निवासी अंकित सिंह गन्ना सोसाइटी धौलाना हापुड़ में नौकरी करते हैं। आरोप है कि शनिवार देर शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के सामने ताऊ महीपाल के साथ खड़े थे, तभी गांव के चैनपाल, मोनू, अशोक वहां पहुंचे और ताऊ के साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर ताई संतोष और बहन मीनाक्षी बीच-बचाव करने लगे तो उनके साथ भी मारपीट की। इसमें मीनाक्षी, संतोष, महीपाल घायल हो गए। मोहल्ले के लोगों को आता देख आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर दी और अंकित को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अंकित ने बताया कि आरोपी पक्ष के पास वर्तमान में गांव की प्रधानी है। एक माह पहले भी विवाद हुआ था। तब भी आरोपी पक्ष ने भुगतने की धमकी दी थी। वहीं, इस बार उनके परिजन भी प्रधानी का चुनाव लड़ने की रणनीति बना रह है। इससे आरोपी पक्ष उनसे रंजिश मानता है। कोतवाली प्रभारी श्रीपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।