नोएडा। सेक्टर-75 स्थित व्हाइट हाउससोसाइटी निवासी बुजुर्ग ने सातवें माले से कूदकर जान दे दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों ने मानसिक तनाव की वजह से आत्महत्या की आशंका जताई है। मूलरूप से चंडीगढ़ निवासी अश्विनी कुमार गांधी (70) रांची में नौकरी करके सेवानिवृत्त हुए थे।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि अश्विनी कुमार गांधी पत्नी संतोष देवी के साथ करीब एक साल पहले ही नोएडा आकर रहने लगे थे। इससे पहले वह झारखंड-रॉची में निकॉन कंपनी से रिटायर हुए थे। उनका बेटा अभी भी रांची में रहता है और बेटी गुरुग्राम में रहती है। बुजुर्ग दंपती ने नोएडा के सेक्टर-75 स्थित व्हाइट हाउस सोसाइटी में फ्लैट लिया था। पुलिस ने बताया कि यहां पर उनका मन नहीं लगता था और बस एक ही बात कहते थे कि वह यहां आकर फंस गए। बेटे और बेटी के साथ नहीं रह पाने की वजह से वह मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।
एडीसीपी ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे उन्होंने सातवीं मंजिल स्थित फ्लैट से छलांग लगा दी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पाकर उनको गंभीर अवस्था में पास के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है व्यक्ति को अकेलापन खराब लगता है। व्यक्ति चाहता है कि उसे उसका परिवार मिले। कई बार युवा पीढ़ी बुजुर्गों को प्राइवेसी के नाम पर अलग कर देती है। जब बुजुर्गों की इच्छाएं पूरी नहीं होती हैं और जीवनभर की मेहनत खराब होती दिखती है तो वह तनाव में आ जाते हैं। ऐसे ही कमजोर पलों में वह आत्महत्या जैसा कदम उठाते हैं। - डॉ. जीआर गुलेचा, साइकोलॉजिस्ट कैलाश अस्पताल।