- 12 अंतरराष्ट्रीय और 36 राष्ट्रीय खिलाड़ी करेंगे मुकाबला,
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के बालक व बालिका वर्ग में आठ पहलवान वाराणसी में आयोजित होने वाली प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता में दांव लगाते नजर आएंगे। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों के करीब एक हजार खिलाड़ी मुकाबला करेंगे। शुक्रवार को जिले के खिलाड़ी वाराणसी रवाना हो गए।
यूपी और वाराणसी कुश्ती संघ के समन्वय से वाराणसी के बनियापुर स्थित स्वर्गीय केदार पहलवान व्यायामशाला में 7 से 9 फरवरी तक प्रादेशिक बालक-बालिका कुश्ती प्रतियोगिता होगी। महिला वर्ग में बंवावड़ निवासी रिया नागर, दुजाना निवासी वंशिका नागर, सूरजपुर निवासी जाह्नवी, दादरी निवासी खुशबू चौधरी व अनुष्का शर्मा और सूची तिवारी का चयन हुआ है। वहीं बालक वर्ग में मायचा निवासी हर्ष नागर और दादरी के गढ़ी गांव निवासी अभय भाटी खेलते हुए दिखाई देंगे।
गौतमबुद्ध नगर कुश्ती एसोसिएशन के सचिव और कोच रवि गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता में करीब एक हजार पहलवानों में से 12 अंतरराष्ट्रीय, 36 राष्ट्रीय पहलवान भाग ले रहे हैं। जिले के आठ पहलवानों में से भी दो पहलवान रिया नागर राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट है और वंशिका नागर राष्ट्रीय पदक विजेता हैं। काशी से अंशु यादव, पलक यादव, पीयूष यादव, नेहा पाल, रिया यादव और रिया शामिल हैं। गोंडा की राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट नंदिनी नागर, बरेली के राष्ट्रीय पदक विजेता अभिनव यादव भी हिस्सा ले रहे हैँ।
इन भार वर्गों में होगी प्रतियोगिता
कोच ने बताया कि बालिका वर्ग का वजन 40, 46, 53, 61 और 69 किलो, जबकि बालक वर्ग की ग्रीको रोमन फ्रीस्टाइल कुश्ती 45, 51, 60, 71 और 92 किलो वर्ग में होगी। नौ फरवरी को सुबह सात बजे वेरिफिकेशन, 7:30 से नौ बजे तक वजन कराने के बाद 10 से कुश्ती शुरू होगी। प्रतियोगिता को लेकर पहलवान काफी खुश नजर आ रहे है।