ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आठ लोग लाठी-डंडे, चाकू, लोहे की रॉड और ईंट लेकर घर में घुस आए और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल का कैलाश अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हल्दौनी निवासी सलीम खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम आरोपी उनके घर में घुस आए। सभी ने लाठी-डंडे, चाकू, लोहे की रॉड और ईंट से परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान सलीम के बेटे फिरोज को चाकू मार दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। परिवार के लोग फिरोज को बचाने के लिए आगे आए तो आरोपियों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट और अभद्रता की।
पीड़ित पक्ष ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पुलिस ने मामले में हल्दौनी निवासी शेरदीन, उसके भाई इमामुल, महताब, आदिल के अलावा अमन, उसके भाई अज्जू, सुल्ताना और उसकी बहन रिजवाना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। वहीं, कोतवाली प्रभारी मुनेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।