मंडलीय ट्रायल में दम दिखाएंगे जिले के आठ बॉक्सर
- सहारनपुर में होगी सब-जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया शनिवार को पूरी हुई। प्रक्रिया जिला खेल विभाग और जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के समन्वय से ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में ट्रायल के माध्यम की गई। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग के करीब आठ खिलाड़ियों ने प्रदर्शन कर मंडलीय ट्रायल के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया हैं। जहां अब बॉक्सर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि सहारनपुर के क्षेत्रीय खेल कार्यालय में सब-जूनियर बालक वर्ग की प्रदेश स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता 10 से 13 जून तथा बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 15 से 18 जून तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रदेश भर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दो चरणों में ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। पहले चरण के जिला स्तरीय ट्रायल शनिवार को मलकपुर स्टेडियम में हुए। ट्रायल के बालक वर्ग में 30 किग्रा में राघव शर्मा, 35 किग्रा में सुनिल यादव, 40 किग्रा में अनिकेत, 52 किग्रा में विकास, 55 किग्रा में गौरव, 70 किग्रा में अखिल चौहान और बालिका वर्ग में 46 किग्रा में जानवी व 49 किग्रा में सृष्टि का चयन दूसरे चरण में आयोजित होने वाले मंडलीय ट्रायल के लिए हुआ हैं। जोकि 8 जून को मेरठ स्थित कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव प्रवेश बैसोया ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।