शिक्षा विभाग पर 1.28 करोड़ का बिजली बिल बकाया
ग्रेटर नोएडा। शिक्षा विभाग बेसिक स्कूलों में बिजली की सुविधा देना चाहता है, लेकिन वह बिजली उपयोग का बिल जमा नहीं कर पा रहा है। अब तक तीन बार में सिर्फ 11.02 लाख रुपये ही विभाग जमा कर पाया है। जबकि, बकाया राशि बढ़कर 1.28 करोड़ पहुंच गई है। नोएडा पावर कंपनी (एनपीसीएल) ने एक बार फिर शिक्षा विभाग को बिजली बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने का नोटिस जारी किया है। कंपनी ने पिछले साल भी कनेक्शन काट दिए गए थे। वर्ष 2009-10 में बेसिक शिक्षा विभाग ने बच्चों को कंप्यूटर, पंखे, रोशनी की सुविधा देने के मकसद से स्कूलों में बिजली का कनेक्शन शुरू कराया था। एनपीसीएल ने ग्रेटर नोएडा के 145 स्कूलों को बिजली दी थी। कंपनी ने हर माह बिजली बिल शिक्षा विभाग को भेजा, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। बार-बार नोटिस के बाद शिक्षा विभाग ने मई, 2017 में पहली बार कुल धनराशि में से 6.87 लाख रुपये का भुगतान किया था। जून, 2018 में 1.94 लाख और अप्रैल, 2019 में 2.21 लाख रुपये का भुगतान किया। वर्ष 2009-11 से जुलाई, 2020 तक विभाग ने केवल 11.02 लाख रुपये जमा किए। कंपनी के अधिकारी भुगतान नहीं होने से परेशान हैं।
कई बार कट चुका है कनेक्शन
बिजली बिल का भुगतान नहीं होने की समस्या का खामियाजा स्कूलों के बच्चों को भुगतना पड़ता है। पिछले 11 साल के दौरान कई बार कंपनी स्कूलों की बिजली काट चुकी है। कई बार तो चुनाव के दौरान बिजली जोड़ी गई। पिछले साल अक्तूबर, 2019 में भी सभी का कनेक्शन काट दिया गया था। तब तत्कालीन डीएम के हस्तक्षेप के बाद कनेक्शन जोड़ा गया था।
जिला पंचायत पर डाल दी जिम्मेदारी
एनपीसीएल शासन स्तर पर भी बिल के भुगतान की पैरवी कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल सरकार ने तय किया कि मार्च, 2018 तक बिल का भुगतान सरकार करेगी। उसके बाद का बिजली बिल जिला पंचायत देगी।