- मेट्रो स्टेशन की सड़कें पार्किंग स्टैंड में हुईं तब्दील
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में लोगों की रोजमर्रा के आवागमन को आसान बनाने वाले ई रिक्शा ही अब मुसीबत बन चुके हैं। प्रमुख बाजारों, मेट्रो स्टेशनों और चौराहों की सड़कें इनके लिए पार्किंग स्टैंड के समान हो गई हैं। बिना तय व्यवस्था और मानकों के संचालन के चलते शहर की सड़कों पर अव्यवस्था बढ़ती ही जा रही है लेकिन जिम्मेदार विभाग खासा कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जिले में 27 हजार से ज्यादा ई रिक्शा हैं। शहर के सेक्टर-15, सेक्टर-16, सेक्टर-18, सेक्टर 52, बॉटनिकल गार्डन, सिटी सेंटर और इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के बाहर सुबह और शाम के समय ई-रिक्शाओं की लंबी कतारें लगी रहती हैं। चालक सवारियों के इंतजार में आधी सड़क तक घेर लेते हैं, जिससे अन्य वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है। कई स्थानों पर हालत ऐसी है कि मेट्रो से निकलने वाले यात्रियों को सड़क पार करने तक में परेशानी उठानी पड़ती है।
ओवरलोडिंग से बढ़ रहा हादसों का खतरा
नियमों के अनुसार ई-रिक्शा में चार सवारियां बैठाने की अनुमति है लेकिन ई रिक्शाओं में सात से ज्यादा सवारियां आमतौर पर बैठाई जा रही हैं। इससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा है बल्कि अप्रिय घटना होने का डर भी बना रहता है।
अधूरे मानकों के साथ दौड़ रहे वाहन
बड़ी संख्या में ऐसे ई-रिक्शा भी चल रहे हैं जिनमें इंडिकेटर, ब्रेक लाइट, रिफ्लेक्टर और मजबूत बॉडी तक नहीं है। बगैर फिटनेस जांच के ही सड़कों पर ये ई रिक्शा चल रहे हैं।
नियमों का उल्लंघन करने वाले ई रिक्शाओं के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाती है। अधूरे मानकों के साथ संचालित हो रहे वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए नियमित अभियान भी चलाया जाता है।
- नंद कुमार, एआरटीओ प्रशासन।