26 से सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू
नूंह। जिला उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शुक्रवार को जिला सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोगों को बेहतर और पारदर्शी रूप से योजनाओं का लाभ पहुंचाने व पेपर लैस कार्य की दिशा में सरकारी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है। जिले में 26 जनवरी 2021 से सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली चालू हो जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि ई-ऑफिस प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। अब सभी विभाग ई-ऑफिस के माध्यम से ही फाइलों का आदान-प्रदान करना सुनिश्चित करें। भौतिक रूप से कोई भी फाइल स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पेपर लैस कामकाज की दिशा में ई-ऑफिस महत्वपूर्ण एवं बेहतरीन विकल्प है। इसलिए सभी कार्यालयों में केवल ई-फाइल को ही स्वीकार किया जाएगा। ई-ऑफिस प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली बिल्कुल आसान है। इससे कम समय में अधिक काम निपटाए जा सकते हैं। इसलिए अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता के साथ इसका प्रशिक्षण लेें। विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलवाना सुनिश्चित करें। कोई भी अधिकारी और कर्मचारी ई-ऑफिस से संबंधित जानकारी या प्रशिक्षण के लिए एनआईसी या सीएमजीजीए से संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।