- व्यापारी सुरक्षा फोरम ने समस्या पर की बैठक, सरकार से मदद की मांग
- कहा, ऑनलाइन वेबसाइट से शहर के छोटे व्यापारियों को हो रहा बड़ा नुकसान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। व्यापारी सुरक्षा फोरम की ग्रेटर नोएडा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सोमवार को नीलकंठ प्लाजा में बैठक की। यहां ई-कॉमर्स का मुद्दा छाया रहा। व्यापारियों ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियों के कारण शहर के छोटे व्यापारियों को काफी नुकसान हो रहा है। कारोबार 30 से 35 प्रतिशत चौपट हो चुका है। सरकार से बार-बार ई-कॉमर्स कंपनियों पर नियंत्रण लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अगर ऐसा रहा तो छोटे व्यापारी बर्बाद हो जाएंगे।
व्यापारी सुरक्षा फोरम ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष अमित सिंघल ने बताया कि शहर में ऑनलाइन व्यापार का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रभाव से शहर के छोटे व्यापारियों को काफी नुकसान हो रहा है। ग्राहक नहीं आ रहे हैं। ऑनलाइन खरीदारी का प्रभाव बढ़ने ने बाजार में बैठे छोटे व्यापारियों का कारोबार 30 से 35 प्रतिशत घट चुका है। अगर यहीं हाल रहा तो फिर कुछ माह बाद व्यापारियों को कारोबार बंद करना होगा। सरकार को इसका रास्ता निकालना होगा। ई-कॉमर्स कंपनियों को सीमित करना होगा। वहीं बैठक में व्यापारियों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में संगठन के विस्तार पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर दीपक गुप्ता, संजय गर्ग, ऋषि अग्रवाल, विजय अग्रवाल, अतुल जैन, अरविंद गर्ग, अजय गर्ग, सुनील बंसल, अशोक अग्रवाल, मुकेश कुलश्रेष्ठ, अमित आदि व्यापारी मौजूद रहे।