यामाहा चौक के पास तड़के हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यामाहा चौक के पास सोमवार तड़के सड़क हादसे में ई-ऑटो चालक की मौत हो गई। उसकी पहचान एटा निवासी प्रदीप कुमार (24) के रूप में हुई है। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने उसके छोटे भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी तहरीर में एटा निवासी सौरव कुमार ने बताया कि प्रदीप सोमवार तड़के ऑटो से घर जा रहा था। इसी दौरान करीब चार बजे अज्ञात वाहन ने ई-ऑटो को टक्कर मार दी। ई-ऑटो पेड़ से टकराने के बाद वह नाले में गिर गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा कराकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। हादसे की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से वाहन और उसके चालक को पहचानने का प्रयास कर रही है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच जारी है।